10-Apr-2026
...


- किसानों को न हो असुविधा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश; राम रोटी की गुणवत्ता भी परखी :: इन्दौर/सांवेर (ईएमएस)। सांवेर क्षेत्र की कृषि उपज मंडी और शिप्रा सायलो सहित कुल 38 उपार्जन केंद्रों पर शुक्रवार से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का श्रीगणेश हो गया। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने केंद्र पहुंचकर विधि-विधान से तौल कांटे का पूजन किया और खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मंडी पहुंचे प्रथम कृषक सुरेश (निवासी केशरीपुरा) का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। शासन द्वारा इस वर्ष गेहूं का उपार्जन 2625 रुपए प्रति क्विंटल की दर से किया जा रहा है। शुभारंभ अवसर पर मंत्री सिलावट ने उपस्थित अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों को किसी भी स्तर पर असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसानों की उपज का एक-एक दाना समर्थन मूल्य पर खरीदने के लिए संकल्पबद्ध है। :: अधिकारियों को चेतावनी : शिकायतों पर होगी कड़ी कार्रवाई :: मंडी परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मंत्री ने पेयजल, साफ-सफाई और किसानों के बैठने के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने राम रोटी योजना के तहत प्रदान किए जा रहे 5 रुपए के भोजन की गुणवत्ता स्वयं चखकर जांची और निर्देश दिए कि भोजन की पौष्टिकता एवं स्वाद में कोई कमी न आए। दूर-दराज से आने वाले किसानों के रात्रि विश्राम के लिए पलंग, गद्दे और तकिए जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश भी दिए गए। सिलावट ने चेतावनी दी कि यदि तुलाई में देरी या टोकन व्यवस्था में लापरवाही की शिकायत मिली, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। :: उन्नयन के प्रयासों पर दिया जोर :: मंडी सचिव रमेशचंद्र शारदिया और अन्य प्रबंधकों के साथ चर्चा करते हुए मंत्री ने मंडी के आधुनिकीकरण और व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार की बात कही। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों पर पारदर्शिता और गति बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर नप अध्यक्ष संदीप चांगेड़िया, जिप अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश मालवीय, भारत सिंह चौहान, अंतर सिंह दयाल, मार्केटिंग सोसायटी प्रबंधक रमेशचंद्र दयाल, सेवा सहकारी संस्था प्रबंधक मांगीलाल पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक और कृषक उपस्थित थे। प्रकाश/10 अप्रैल 2026