राष्ट्रीय
10-Apr-2026


अल्लूरी,(ईएमएस)। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है, इस घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया। विशाखापत्तनम के पास स्थित घटना में पिकनिक मनाने गई चार सहेलियों में से तीन की झरने के तेज बहाव में डूबने से मौत हो गई, जबकि एक लड़की को लोगों की मदद से सुरक्षित बचाया गया। जानकारी के अनुसार, जंबुवलसा गांव की चार सहेलियां अपनी परीक्षाएं खत्म होने के बाद पास की पहाड़ियों में स्थित मुलागुम्मी झरने घूमने गई थीं। सभी लड़कियां खुश और उत्साहित थीं और पिकनिक का आनंद लेकर झरने के पास पहुंचीं। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन जल्द ही यह खुशी का पल एक भयानक हादसे में बदल गई। बताया जा रहा है कि 17 वर्षीय त्रिशा, 16 वर्षीय रत्नकुमारी और 16 वर्षीय पवित्रा झरने के बेहद करीब फिसलन भरी चट्टानों पर खड़ी होकर सेल्फी ले रही थीं। तभी चट्टानों पर जमी काई की वजह से संतुलन बिगड़ने के कारण तीनों लड़कियां अचानक गहरे और तेज बहाव वाले पानी में गिर गईं। चौथी सहेली ने मदद की कोशिश की, लेकिन वह खुद सुरक्षित बाहर नहीं निकल सकी। झरने के पास मौजूद लोगों ने लड़कियों की चीखें सुनकर तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई। ग्रामीणों ने साहस दिखाकर एक लड़की को किसी तरह बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर है। हालांकि, बाकी तीन लड़कियां तेज बहाव में बह गईं और उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की तलाश के बाद तीनों लड़कियों के शव बरामद किए गए। अधिकारियों ने बताया कि मुलागुम्मी झरना भले ही देखने में शांत और सुंदर लगता है, लेकिन इसके नीचे पानी का बहाव बेहद खतरनाक और अनियंत्रित है। इस हादसे के बाद पूरे जंबुवलसा गांव में शोक की लहर फैल गई है। एक ही मोहल्ले की तीन युवा लड़कियों की असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे झरनों और फिसलन भरी जगहों पर अत्यधिक सावधानी बरतें और जोखिम भरे स्थानों पर सेल्फी लेने से बचें। आशीष दुबे / 10 अप्रैल 2026