राष्ट्रीय
10-Apr-2026


:: चारों ताप विद्युत गृहों ने किया 26,582 मिलियन यूनिट उत्पादन; परिचालन दक्षता में देश को दिखाई राह :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन पर विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस अभूतपूर्व उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि कंपनी के चारों प्रमुख ताप विद्युत गृहों ने सामूहिक रूप से 26,582.75 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन कर प्रदेश को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की है। इस गौरवपूर्ण प्रदर्शन के दौरान प्रदेश के विद्युत गृहों ने 81.45 प्रतिशत प्लांट उपलब्धता फैक्टर (पीएएफ) बनाए रखते हुए परिचालन दक्षता के उच्चतम वैश्विक मानकों को छुआ है। चचाई, सारनी, बिरसिंगपुर और दोंगलिया स्थित ताप विद्युत गृहों की सभी इकाइयों ने हीट रेट, विशिष्ट तेल खपत और ऑक्जलरी पावर कंजम्पशन में निर्धारित मानकों से बेहतर प्रदर्शन कर तकनीकी कौशल का परिचय दिया है। :: नियामक आयोग के मानकों से भी आगे निकला प्रदर्शन :: विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में कंपनी का प्रदर्शन मध्यप्रदेश विद्युत नियामक आयोग द्वारा तय कड़े मानकों से भी बेहतर रहा। - सतपुड़ा ताप विद्युत गृह (यूनिट-10) : सर्वाधिक 98.29% पीएएफ दर्ज किया। - सिंगाजी सुपर ताप विद्युत परियोजना (यूनिट-1) : 94.55% पीएएफ के साथ श्रेष्ठ प्रदर्शन। - संजय गांधी ताप विद्युत गृह (यूनिट-3) : 85.92% की शानदार उपलब्धता। विशिष्ट तेल खपत के मामले में भी कंपनी ने एमईपीआरसी के मानकों से कम खपत दर्ज कर बड़ी बचत सुनिश्चित की है। :: कर्मठता का परिणाम :: प्रबंध संचालक ने दी बधाई कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने इस स्वर्णिम सफलता का श्रेय अभियंताओं, तकनीकी कार्मिकों और कर्मठ श्रमिकों को दिया है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि तकनीकी दक्षता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के साथ राज्य की विद्युत उत्पादन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई और मजबूत पहचान दिलाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी कंपनी इसी प्रतिबद्धता के साथ विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में नए शिखर छुएगी। प्रकाश/10 अप्रैल 2026