-शहजाद पूनावाला बोले- कांग्रेस की पहचान बन गया है जनता का अपमान नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार के एक बयान को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उनके ‘घुसपैठिए’ वाले बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की है। दरअसल, 5 अप्रैल को असम के बोंगाईगांव में दिए गए एक भाषण का वीडियो अब तेजी से वायरल हो है, जिसमें कन्हैया कुमार कथित तौर पर बीजेपी नेताओं पर निशाना साधते हुए “घुसपैठिए” शब्द का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। हालांकि उन्होंने किसी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनता का अपमान करना कांग्रेस की पहचान बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कन्हैया कुमार ने गुजरात और असम के लोगों का अपमान किया है। पूनावाला ने यह भी कहा कि इससे पहले मल्लिकार्जुन खरगे के बयान भी विवादों में रहे हैं। बीजेपी ने मांग की है कि चुनाव आयोग इस मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करे। पार्टी का कहना है कि ऐसे बयान चुनावी माहौल को प्रभावित करते हैं और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचा सकते हैं। वहीं दूसरी तरफ कहा जा रहा है, कि कन्हैया कुमार ने अपने भाषण में राज्य में बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता का पैसा गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है और असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश हो रही है। गौरतलब है कि असम की राजनीति में अवैध घुसपैठ का मुद्दा लंबे समय से अहम बना हुआ है। ऐसे में इस तरह के बयानों ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है। हिदायत/ईएमएस 10अप्रैल26