अंतर्राष्ट्रीय
11-Apr-2026
...


मेलबर्न (ईएमएस)। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि शराब का गलत तरीके से सेवन गंभीर बीमारियों को जन्म दे सकता है और कई मामलों में यह जानलेवा भी साबित हो सकता है। डॉक्टरों के अनुसार, शराब में मौजूद अल्कोहल शरीर के कई अंगों पर नकारात्मक असर डालता है। लंबे समय तक इसका सेवन करने से लिवर खराब होना, दिल की बीमारियां और समय से पहले मौत का खतरा बढ़ जाता है। सबसे बड़ी गलती जो लोग करते हैं, वह है शराब के साथ सिगरेट पीना। यह संयोजन बेहद खतरनाक होता है, क्योंकि तंबाकू और अल्कोहल मिलकर शरीर की कोशिकाओं को तेजी से नुकसान पहुंचाते हैं। इससे कैंसर, हार्ट डिजीज और लिवर डैमेज का जोखिम कई गुना बढ़ जाता है। एक और आम लेकिन गंभीर गलती है खाली पेट शराब पीना। जब पेट में कुछ नहीं होता, तो शराब तेजी से खून में घुल जाती है, जिससे नशा जल्दी चढ़ता है और शरीर पर इसका असर ज्यादा पड़ता है। इससे चक्कर, उल्टी, गैस्ट्रिक समस्या और यहां तक कि बेहोशी जैसी स्थिति भी पैदा हो सकती है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि शराब पीने से पहले हल्का भोजन जरूर करना चाहिए, ताकि इसका असर कुछ हद तक कम हो सके। कई लोग शराब के साथ तली-भुनी या अत्यधिक नमकीन चीजें खाते हैं, जो सेहत के लिए और नुकसानदेह साबित होती हैं। इससे पाचन तंत्र पर दबाव बढ़ता है और शरीर में अन्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इसके अलावा, शराब के साथ अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करना सबसे खतरनाक आदतों में से एक है। यह न केवल शरीर पर गंभीर असर डालता है, बल्कि अचानक रिएक्शन, हार्ट फेलियर या ओवरडोज जैसी स्थिति भी पैदा कर सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि जिन लोगों को पहले से लिवर, दिल, डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याएं हैं, उनके लिए शराब और भी ज्यादा खतरनाक हो सकती है। कई दवाइयों के साथ शराब लेने से साइड इफेक्ट बढ़ जाते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है। सुदामा/ईएमएस 11 अप्रैल 2026