- ग्रीन कॉरिडोर व अतिक्रमण हटाने दिए निर्देश (कोरबा) कोरबा नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने दर्री जोन के विभिन्न क्षेत्रों का आकास्मिक निरीक्षण कर सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर अहम निर्देश दिए। इस दौरान वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, पार्षद सरोज शांडिल्य, पार्षद प्रतिनिधि, एनटीपीसी के अधिकारी तथा दर्री जोन के कर्मचारी सहित अन्य उपस्थित रहे। दौरे के दौरान आयुक्त श्री पांडेय ने कटघोरा मार्ग से नगर निगम सीमा के प्रवेश द्वार को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य मार्ग पर स्थित उद्यानों के विकास और पूरे क्षेत्र में ग्रीन कॉरिडोर विकसित करने पर जोर दिया, जिससे शहर की सुंदरता के साथ पर्यावरण संतुलन भी मजबूत हो सके। आयुक्त श्री ने एनटीपीसी मुख्य गेट के पास किए गए अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश देते हुए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही एनटीपीसी द्वारा बनाए गए यात्री प्रतीक्षालय में फैली अव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए उसे तत्काल व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दर्री जोन के अधिकारियों को भी सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाने को कहा। इसके अलावा बस स्टैंड का निरीक्षण कर वहां एक सुव्यवस्थित चौपाटी विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। आयुक्त आशुतोष पांडेय ने आगे कहा कि शहर के साथ-साथ उपनगरों का विकास और सौंदर्यीकरण भी उतना ही जरूरी है। वहीं वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन ने बताया कि क्षेत्र के विकास को लेकर पार्षदों द्वारा प्रस्ताव दिया गया था, जिस पर आयुक्त ने त्वरित संज्ञान लेते हुए दौरा किया, जो क्षेत्र के लिए सकारात्मक पहल साबित होंगी। 11 अप्रैल / मित्तल