क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी IPL टी-20 मैच (कोलकाता बनाम लखनऊ) पर बॉल-टू-बॉल सट्टा लिखते पकड़े गए। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली कि बोईरदादर स्थित गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर के पास दो व्यक्ति मोबाइल के जरिए लाइव मैच पर सट्टा चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और सिंधी कॉलोनी कच्ची खोली निवासी पंकज जयसिंह तथा देवांगन पारा बोईरदादर निवासी जयदेव मित्रा को हिरासत में लिया। मौके पर जयदेव मित्रा सट्टे का हिसाब लिखते और मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते मिला। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे मोबाइल के जरिए सट्टा चला रहे थे और लेनदेन ऑनलाइन माध्यम से किया जाता था। आरोपियों ने बताया कि पूरा नेटवर्क पंचवटी कॉलोनी निवासी मुख्य सट्टा खाईवाल शानू बेरीवाला के लिए काम करता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक वीवो और एक सैमसंग मोबाइल जब्त किया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है। इसी मामले में आगे की कार्रवाई के दौरान जमुना इन चौक स्थित एक दुकान में ऑनलाइन सट्टा चलाने की सूचना पर पुलिस ने हेमंत बत्रा को पकड़ा। पूछताछ में उसने रोहित अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा संचालित करने की बात कबूल की। जांच के दौरान सामने आए सबूतों के आधार पर मुख्य खाईवाल एजाज उर्फ मन्नू (निवासी इंदिरा नगर) को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि पुलिस केवल सट्टा संचालकों पर ही नहीं, बल्कि सट्टा खेलने वालों पर भी सख्त कार्रवाई करेगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 अप्रैल 2026