क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर को स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में नगर पालिक निगम ने एक नई पहल की शुरुआत की है। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने “स्वच्छता के चार धुरंधर” अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर भी उपस्थित रहीं। यह अभियान नए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के अनुरूप शुरू किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य शहर में कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देना है। इसके तहत नागरिकों को घर-घर चार डिब्बों में कचरा अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत कचरे को चार श्रेणियों में विभाजित किया गया है गीला कचरा (खाद्य अवशेष), सूखा कचरा (प्लास्टिक, कागज, धातु), सैनिटरी कचरा (डायपर, सेनेटरी पैड) और विशेष देखभाल कचरा (खतरनाक घरेलू अपशिष्ट, केमिकल, दवाइयां)। निगम ने अपील की है कि इन श्रेणियों के कचरे को आपस में न मिलाएं। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि स्वच्छ शहर का लक्ष्य तभी हासिल होगा, जब हर नागरिक कचरा पृथक्करण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएगा। यह पहल न केवल शहर को स्वच्छ बनाएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम योगदान देगी। अभियान के तहत स्कूलों, कॉलोनियों और बाजारों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को भी चार डिब्बा प्रणाली के अनुरूप मजबूत किया जाएगा। निगम ने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा है कि यदि कचरा संग्रहण वाहन समय पर नहीं आता है, तो हेल्पलाइन नंबर 1100 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/11 अप्रैल 2026