क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


ग्वालियर(ईएमएस)। ग्वालियर के बहोड़ापुर इलाके में कक्षा छठवीं की एक छात्रा के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना 8 मई की बताई जा रही है, जब स्कूल से घर लौटते समय कार सवार युवकों ने छात्रा को जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार छात्रा ऑक्सफोर्ड स्कूल में पढ़ती है। स्कूल बस ने उसे बस स्टॉप पर छोड़ा था, जहां से वह पैदल अपने घर गालव नगर जा रही थी। तभी एक कार उसके पास आकर रुकी। कार में सवार युवकों ने उसे घर छोड़ने की पेशकश की, लेकिन छात्रा ने साफ मना कर दिया। कुछ दूरी पर कार सवारों ने दोबारा गाड़ी रोकी और छात्रा को जबरन अंदर बैठाने की कोशिश की। विरोध करने पर कार में बैठे दाढ़ी वाले एक युवक ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करने का प्रयास भी किया। इस पर छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए जोर से चिल्लाने और लोगों को बुलाने की धमकी दी। शोर मचाने की आशंका से आरोपी मौके से फरार हो गए। दो दिन बाद छात्रा ने अपनी शिक्षिका को घटना बताई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। नंदिनी परसाई/ 11 अप्रैल 2026