पुणे (ईएमएस)। पुणे के मार्केट यार्ड इलाके से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां एक निजी कोचिंग क्लास में पढ़ने वाले कक्षा 8 के छात्र के साथ यौन उत्पीड़न किए जाने की घटना उजागर हुई है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, कोचिंग क्लास में काम करने वाले 35 वर्षीय ऑफिस बॉय ने छात्र को बहाने से स्टोर रूम में ले जाकर उसके साथ अनुचित हरकतें कीं। आरोपी ने न सिर्फ बच्चे का शारीरिक शोषण किया, बल्कि उसके आपत्तिजनक फोटो भी खींचे। पीड़ित छात्र पिछले 2-3 वर्षों से इसी कोचिंग क्लास में पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले कुछ महीनों से लगातार इस तरह की हरकतें कर रहा था। घटना के बाद बच्चा काफी डरा और सहमा हुआ था। उसने घर जाकर रोते हुए अपने माता-पिता को पूरी बात बताई और कोचिंग जाने से मना कर दिया। इसके बाद परिजनों ने क्लास में जाकर जानकारी ली और फिर सीधे पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद मार्केट यार्ड पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा है और आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग की जा रही है। - जतिन/संतोष झा-११ अप्रैल/२०२६/ईएमएस