मोतिहारी, (ईएमएस)। बिहार में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिहार एसटीएफ (एसटीएफ) की टीम ने पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी के वांछित और 20 हजार रुपये के इनामी अपराधी राजेश पंडित को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसटीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर मोतिहारी जिले के लखौरा थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान डुमरियाघाट थाना कांड संख्या 234/24 में वांछित अपराधी राजेश पंडित को गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ मोतिहारी जिले के डुमरियाघाट और मुफस्सिल थाना में लूट सहित दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। एसटीएफ की इस कार्रवाई को जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अपराधी से पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। संतोष झा-११ अप्रैल/२०२६/ईएमएस