क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


अंबरनाथ, (ईएमएस)। मुंबई से सटे अंबरनाथ में एक युवती का होटल के कमरे में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मचा है। जानकारी के अनुसार, युवती ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक युवती की पहचान सिमरन पाटिल के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि उसका अपने ऑफिस के मालिक भगवान लोटे के साथ करीब दो वर्षों से संबंध था, लेकिन कुछ समय पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। जानकारी के मुताबिक, युवती ने अपने पूर्व बॉयफ्रेंड से आखिरी बार मिलने की इच्छा जताई थी। इसके बाद दोनों अंबरनाथ के एक होटल में मिले। हालांकि, कुछ देर बाद युवक उसे होटल में ही छोड़कर काम के सिलसिले में चला गया। बताया जा रहा है कि युवती होटल के कमरे में उसका इंतजार करती रही और उसे कई बार फोन भी किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किए। इसके बाद युवती ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। जब युवक वापस होटल पहुंचा और कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो उसने होटल स्टाफ की मदद से दरवाजा खुलवाया। अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। युवक से देर रात तक पूछताछ की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में शोक और चर्चा का माहौल है। संतोष झा-११ अप्रैल/२०२६/ईएमएस