- 2 दुकानों पर 21 दिन की लगी रोक लाइसेंस निलंबित स्टॉक में भारी गड़बड़ी हुई उजागर..! बिलासपुर (ईएमएस)। जिले के तखतपुर विकासखंड में खाद वितरण में गंभीर अनियमितताओं का बड़ा मामला सामने आया है। कृषि विभाग की उडऩदस्ता टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान दो खाद दुकानों में स्टॉक और रिकॉर्ड में भारी अंतर पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों प्रतिष्ठानों की खाद बिक्री पर 21 दिनों के लिए रोक लगा दी है। साथ ही संबंधित लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, किसानों को आगामी खरीफ सीजन में खाद, बीज और कीटनाशकों की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला स्तर पर विशेष उडऩदस्ता दल का गठन किया गया है। इसी अभियान के तहत तखतपुर क्षेत्र में संचालित मेसर्स किसान सेवा केंद्र और मेसर्स अमन कृषि केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान किसान सेवा केंद्र में मशीन रिकॉर्ड में 750 बोरी यूरिया दर्ज मिली, जबकि भौतिक रूप से केवल 550 बोरी ही उपलब्ध थी। वहीं 200 बोरी यूरिया बिना मशीन में दर्ज किए अलग से रखी गई पाई गई। दूसरी ओर अमन कृषि केंद्र में मशीन रिकॉर्ड में 1679 बोरी यूरिया दर्ज थी, लेकिन मौके पर एक भी बोरी उपलब्ध नहीं मिली, जो गंभीर अनियमितता को दर्शाता है। इसके अलावा दोनों दुकानों में उर्वरक भंडारण एवं वितरण से संबंधित आवश्यक रजिस्टर भी संधारित नहीं पाए गए। इसे उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। उप संचालक कृषि पी.डी. हथेश्वर ने बताया कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अमला मौजूद रहा। कृषि विभाग का स्पष्ट संदेश है।किसानों के अधिकारों पर डाका डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मनोज राज 11 अप्रैल 2026