पटना,(ईएमएस)। पटना के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और दुखद मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक ने सरकारी नौकरी मिलने के बाद अपनी प्रेमिका को धोखा दे दिया। पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए बिहार राज्य महिला आयोग में आवेदन दिया है। यह मामला न केवल विश्वासघात का है, बल्कि इसमें नाबालिग के साथ यौन शोषण और शादी का झांसा देने के गंभीर आरोप भी शामिल हैं। पीड़िता ने बताया कि जून 2024 में वह समस्तीपुर स्थित अपनी नानी के घर रह रही थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले युवक ने अपनी बातों के जाल में फंसाया। पीड़िता के अनुसार, उस समय वह मात्र 16 वर्ष की थी। युवक ने प्रेमजाल में फंसाकर और आत्महत्या की धमकी देकर अपनी बातों में ले लिया। उसने वादा किया था कि जैसे ही वह 18 वर्ष की होगी, वह उससे शादी कर लेगा। इसी झांसे का लाभ उठाकर आरोपी ने पीड़िता का कई बार यौन शोषण किया। नवंबर 2025 में जब पीड़िता के परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी हुई, तो मामले ने तूल पकड़ा। गांव में पंचायती बैठी, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि उम्र पूरी होने पर दोनों का विवाह करा दिया जाएगा। शादी की तारीख अप्रैल 2026 तय की गई और शादी के कार्ड तक छपवा लिए गए। इस बीच, आरोपी युवक का चयन बिहार पुलिस में होमगार्ड के पद पर हो गया। सरकारी नौकरी लगते ही युवक और उसके परिजनों का रवैया पूरी तरह बदल गया। जैसे ही शादी का समय नजदीक आया, आरोपी के परिवार वालों ने शादी से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि प्यार-मोहब्बत तो होते रहता है और अब वे अपनी मर्जी से लड़के की शादी कहीं और कराना चाहते हैं। आरोपी का कहना है कि उसने जनवरी 2026 में ही किसी और युवती से विवाह कर लिया है। एक तरफ जहां पीड़िता के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर प्रेमी की बेवफाई ने उसके सपनों को चकनाचूर कर दिया। फिलहाल पीड़िता ने महिला आयोग से त्वरित कार्रवाई और आरोपी के खिलाफ कानूनी कदम उठाने की मांग की है। यह मामला समाज में महिलाओं की सुरक्षा और विश्वासघात के प्रति बढ़ती संवेदनहीनता को दर्शाता है। पीड़ित परिवार अब न्याय के इंतजार में है। आशीष दुबे / 11 अप्रैल 2026