राष्ट्रीय
11-Apr-2026
...


-हेलीपैड से दूर लैंडिंग को पायलट की चूक बताया पुणे,(ईएमएस)। महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल के हेलिकॉप्टर की शनिवार सुबह पुणे के पुरंदर इलाके में गलत जगह लैंडिंग का मामला सामने आया है। निर्धारित हेलीपैड की बजाय हेलिकॉप्टर को करीब एक किलोमीटर दूर कार पार्किंग एरिया में उतार दिया गया, जिसे प्रारंभिक तौर पर पायलट की गलती माना जा रहा है। पुणे जिला पुलिस के अनुसार, प्रशासन की ओर से पहले से हेलीपैड तैयार किया गया था और इसकी जानकारी हेलिकॉप्टर के क्रू मेंबर्स को भी दी गई थी। इसके बावजूद पायलट ने निर्देशों की अनदेखी करते हुए पार्किंग क्षेत्र में लैंडिंग कर दी। यह घटना उस समय हुई जब भुजबल पुणे में महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर किराए पर लिया गया था। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पार्किंग एरिया में कतारबद्ध खड़ी कारों के सामने हेलिकॉप्टर उतरते देखा जा सकता है। लैंडिंग के दौरान तेज हवा के कारण धूल का बड़ा गुबार उठता नजर आया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। भुजबल बोले- सभी हैं सुरक्षित मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए छगन भुजबल ने कहा कि पायलट ने गलत स्थान पर लैंडिंग की, हालांकि सभी लोग सुरक्षित हैं। फिलहाल पायलट, क्रू मेंबर या हेलिकॉप्टर संचालित करने वाली कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। डीजीसीए को भेजी जाएगी रिपोर्ट पुणे ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना की रिपोर्ट नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को भेजी जाएगी। इसके बाद नियमानुसार पायलट के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। नियमों के अनुसार, किसी भी हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के लिए निर्धारित स्थान और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होता है। स्थानीय लोक निर्माण विभाग और प्रशासन क्रू को पहले से दिशा-निर्देश उपलब्ध कराते हैं, जिनका पालन करना आवश्यक होता है। हिदायत/ईएमएस 11अप्रैल26