राष्ट्रीय
11-Apr-2026


पटना (ईएमएस)। बिहार की राजनीति अब नए रंग में दिखाने वाली है। अभी तक ये माना जा रहा था कि बिहार में नए सीएम को लेकर बीजेपी के अंदर कोई संशय नहीं है। लेकिन अब लग रहा है कि शायद बीजेपी भी हर कदम फूंक-फूंक कर रख रही है। मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों में सम्राट चौधरी के नाम की चर्चा तेजी से चली, लेकिन अब माहौल बदलता नजर आ रहा है। सम्राट चौधरी 24 घंटे पहले बिहार के मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे चल रहे थे। लेकिन सीएम नीतीश कुमार की राज्यसभा में शपथ ग्रहण के बाद अचानक से सियासी माहौल बदल गया। बीजेपी की कोर कमिटी की बैठक दिल्ली में विनोद तावड़े के आवास पर शाम 6 बजे बुलाई गई थी। लेकिन अचानक से बैठक को रद्द किया गया। इस बैठक के लिए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, श्रेयसी सिंह सहित कई नेता-मंत्री दिल्ली पहुंच भी चुके थे। लेकिन सभी को वापस लौटना पड़ा। बिहार में बीजेपी के अंदरखाने क्या चल रहा है, ये कोई भी बताने की स्थिति में नहीं है। लेकिन जितनी तेजी से चौधरी के बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनने की चर्चा परवान चढ़ी, उतनी ही तेजी से सियासी चूल्हे से उतर भी गई। हाल ये हैं कि अब सम्राट के नाम पर बीजेपी के क्या अंदर, क्या बाहर, कोई कुछ नहीं बोल रहा। एनडीए के सूत्र ने बताया कि ऐसा लग रहा है कि सम्राट चौधरी का पत्ता कट गया है। बात दें कि बीजेपी में जब भी कोई नाम चर्चा में ज्यादा आया, उसका पत्ता कटा। इसका उदाहरण मध्यप्रदेश सहित तीन राज्यों में मिलता है। मप्र में शिवराज सिंह चौहान का सीएम बनना तय था, लेकिन मोहन यादव मुख्यमंत्री बन गए। इसतरह राजस्थान में वसुंधरा राजे रेस में आगे थीं, लेकिन सीएम बने भजनलाल शर्मा। दिल्ली में कई नेता सीएम पद की दौड़ में थे, लेकिन रेखा गुप्ता को बनाया मुख्यमंत्री। ओडिशा में धर्मेंद्र प्रधान रेस में थे, लेकिन सभी को चौंका कर सीएम बने मोहन चरण मांझी बना दिया गया। ये तय है कि बिहार एनडीए के सभी नेताओं ने एक सुर में ये बात कह दी है कि जो भी फैसला होगा उसमें नीतीश की मंजूरी का होना तय है। यानी बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम पर नीतीश का वीटो भी होना जरूरी है। इसके बाद कल की बैठक टलने के पीछे एक बात तो साफ समझ आ रही है, कि बिहार के नए मुख्यमंत्री पर जो भी फैसला होगा, वहां बीजेपी की नहीं बल्कि एनडीए की बैठक में होगा। कुल मिलाकर पीएम मोदी, अमित शाह, नितिन नवीन और सीएम नीतीश के एक सुर में आने पर ही बिहार का नया मुख्यमंत्री तय होगा। बिहार में श्रेयसी सिंह के दिल्ली जाने के बाद दो नाम तेजी से चर्चा में आए। एक बीजेपी में बिहार के पूर्व अध्यक्ष और सांसद संजय जायसवाल का और दूसरी खेल मंत्री श्रेयसी सिंह का नाम चर्चा में है। संजय का नाम पहले भी चर्चा में था, लेकिन श्रेयसी सिंह की कोर कमिटी बैठक में जाने के बाद अब सीएम पद के लिए चर्चा में उनका नाम भी जुड़ चुका है। आशीष दुबे / 11 अप्रैल 2026