राज्य
11-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता तेजी से गिर रही है और केंद्र सरकार सोशल मीडिया को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता तेजी से गिरने का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार पर सोशल मीडिया को नियंत्रित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। केजरीवाल ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा प्रधानमंत्री जी की लोकप्रियता बहुत तेज़ी से गिर रही है। देश के सामने ढेरों चुनौतियां हैं लेकिन प्रधानमंत्री जी उनका सामना करने में असमर्थ हैं। लोगों का गुस्सा हर गली-हर मोहल्ले में सुनाई दे रहा है। देश का युवा सोशल मीडिया के जरिए अपनी निराशा और गुस्से का इजहार कर रहा है। केजरीवाल ने आगे कहा कि समस्याओं का समाधान निकालने की बजाय सरकार सवाल पूछने वालों और आलोचना करने वालों को गिरफ्तार कर रही है। अब सरकार ने सोशल मीडिया को ही कंट्रोल करने की योजना बना ली है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से अपील करते हुए लिखा मोदी जी को समझना होगा कि लोगों में पनप रहे गुस्से के उफान को इस तरह के नियमों से नहीं दबा पाएंगे। केजरीवाल का यह बयान एक अन्य पोस्ट का हवाला देते हुए आया है, जिसमें दावा किया गया है कि केंद्र सरकार एक्स प्लेटफॉर्म के यूजर-जनरेटेड फैक्ट-चेकिंग टूल ‘कम्युनिटी नोट्स’ को नियंत्रित करने की तैयारी कर रही है। केजरीवाल ने इसे सोशल मीडिया पर स्वतंत्र आवाज को दबाने की कोशिश बताया है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब केंद्र सरकार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फेक न्यूज और गलत सूचनाओं को रोकने के लिए सख्त नियम बनाने की चर्चा में है। अभी तक केंद्र सरकार या सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/11/ अप्रैल /2026