राज्य
11-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। शाहदरा जिला स्पेशल स्टाफ ने कुसुम को गिरफ्तार किया है, जो अपनी दो बेटियों, भाई और अन्य सहयोगियों के साथ स्मैक, चरस और गांजे का अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट चला रही थी। मकोका के तहत वांछित कुसुम पर रोहिणी कोर्ट ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था। अपनी दो बेटियों, भाई और अन्य लोगों के साथ स्मैक, चरस और गांजे जैसे नशीले पदार्थों का ड्रग सिंडिकेट चलाने वाली महिला कुसुम को शाहदरा जिला की स्पेशल स्टाफ की टीम ने गिरफ्तार किया है। मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) के तहत वांछित महिला पर रोहिणी कोर्ट ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस का दावा है कि उसकी गिरफ्तारी से बड़ा अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट खत्म हो सकेगा। महिला अपने सहयोगियों के साथ मिलकर कई राज्यों में ड्रग तस्करी का रैकेट चला रही थी। डीसीपी शाहदरा जिला आरपी मीणा ने बताया कि कुसुम की गिरफ्तारी के लिए करीब दो माह से लगातार आपरेशन चलाया जा रहा था। इस दौरान 250 से अधिक सीसीटीवी के फुटेज खंगाले गए। 100 से अधिक मोबाइल फोन के रिकाॅर्ड्स खंगाले गए और दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर दबिश दी गई। नौ अप्रैल को सूचना मिली की महिला शाहदरा के एक स्थान पर कोई बड़ी डील करने आ रही है। डीसीपी के अनुसार स्पेशल स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर महेश कसाना, एसआइ इस्माइल, सुल्तान, नजीर, एएसआई प्रमोद, मिथलेश, शाहिद की टीम ने जाल बिछाया। हालांकि पुलिस के पहुंचते ही कुसुम भागने लगी लेकिन टीम ने घेरकर उसे दबोच लिया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/11/ अप्रैल /2026