क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


- घमापुर में बाइक डिवाइडर से टकराई, 2 युवक गंभीर जबलपुर, (ईएमएस)। शहर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गत दिवस रांझी क्षेत्र में गड्ढे में बाइक गिरने की घटना के बाद अब घमापुर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। क्षेत्रीय नागरिकों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे और नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। प्राथमिक जानकारी के अनुसार यही हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक तेज गति से आ रही थी और सीधे डिवाइडर से टकरा गई। सूचना मिलते ही घमापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। क्षतिग्रस्त बाइक को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। जागरूकता की जरूरत. .......... लगातार हो रहे सड़क हादसे कई सवाल खड़े कर रहे हैं। तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार नशे की हालत में वाहन चलाना कानूनन अपराध है। तेज रफ्तार पर वाहन का नियंत्रण मुश्किल हो जाता है। हेलमेट और सुरक्षा नियमों की अनदेखी हादसे को और घातक बना देती है। प्रशासन द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन जब तक लोग स्वयं जिम्मेदारी नहीं समझेंगे, ऐसे हादसे रुकना मुश्किल है। सुनील साहू / शहबाज / 11 अप्रैल 2026