- व्यापारियों के बीच चलाया जागरूकता अभियान रायपुर (ईएमएस)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए नगर पालिक निगम रायपुर के जोन 3 स्वास्थ्य विभाग द्वारा शंकर नगर क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान नगर निगम अपील समिति के सदस्य एवं वार्ड 30 के पार्षद राजेश गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित किया गया। अभियान के दौरान शंकर नगर चौपाटी और मुख्य बाजार क्षेत्र के दुकानदारों व व्यापारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर इसके दुष्प्रभावों को समझाते हुए इसके उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध का पालन करने की अपील की गई। जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन कुमार ताण्डी, स्वच्छता निरीक्षक, स्वच्छता दीदियां और रामकी कंपनी के सुपरवाइजरों की मौजूदगी में व्यापारियों को पॉलीथिन के स्थान पर कपड़े और जूट के थैलों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। निगम ने सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों में यह टैग लगाने के निर्देश भी दिए कि “जो भी ग्राहक आएंगे, अपना थैला साथ में लेकर आएंगे”, ताकि लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जा सके। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/11 अप्रैल 2026