क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) | सरकार की मंशा अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी भाव के साथ जन समस्यायें सुनकर जरूरतमंद लोगों तक सरकार की योजनाओं की पहुँच आसान की जा रही है। यह बात ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को रेसकोर्स रोड स्थित अपने स्थानीय सरकारी कार्यालय पर जनसुनवाई के अवसर पर कही। उन्होंने आमजनों की एक-एक कर समस्यायें सुनीं। साथ ही सम्बन्धित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने अधिकारियों से कहा कि समस्याओं का निदान निर्धारित समय सीमा में किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जनसुनवाई में आईं पात्र महिलाओं को राशन दिलाने, पात्र वृद्धजनों की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने तथा नि:शुल्क इलाज के लिये आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश भी दिए। जनसुनवाई में आए आवेदकों की समस्याओं के निराकरण के लिये पर जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन, विद्युत वितरण कंपनी, महिला बाल विकास, खाद्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। पक्षियों के लिये बाँटे सकोरे इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गर्मी के मौसम में पक्षियों को प्यास और हीटस्ट्रोक से बचाने के उद्देश्य से श्री रिंकू बुंदेला के सहयोग से मिट्टी से निर्मित पानी के पात्र (सकोरे) आमजन को वितरित किए। साथ ही आव्हान किया कि इन सकोरों को अपने-अपने घर की छत, बालकनी या पेड़ों पर रखकर हर रोज ताजा पानी भरें। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में आसमान से आग बरसती है। गर्मी में मानव हो या फिर पशु-पक्षी सभी को ठंडे जल की तलाश रहती है। आम लोगों के लिए तो जगह-जगह प्याऊ व नल के साथ ही पानी की उचित व्यवस्था मिल ही जाती है, लेकिन पक्षियों को पानी के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ता है। ऐसे में हम लोगों की जिम्मेदारी है कि वे पक्षियों के लिए दाना व पानी की उचित व्यवस्था कर अपने जिम्मेदारी का निर्वाहन करें। ताकि खुले आसमान और धूप में विचरण करने वाले पंछियों को राहत मिल सके।