:: कदवालीखुर्द में ग्रामीणों से रूबरू हुए जल संसाधन मंत्री, मंदिर परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान :: इंदौर (ईएमएस)। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शुक्रवार को सांवेर क्षेत्र के ग्राम पंचायत कदवालीखुर्द में जनसंपर्क कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए मंदिर परिसर की सफाई की और ग्रामीणों को स्वच्छ भारत की अवधारणा से जोड़ा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाना रहा। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। पीएम आवास, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, लाडली लक्ष्मी और लाडली बहना जैसी योजनाओं ने आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे जागरूक बनें और इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर स्वयं को और अपने परिवार को आत्मनिर्भर बनाएं। कार्यक्रम के दौरान मंत्री सिलावट ने क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवियों का सम्मान भी किया। उन्होंने उज्ज्वला योजना और वृद्धावस्था पेंशन जैसी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए कहा कि सरकार गरीब, किसान और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर रवि वाजपेई, गोविंद सिंह, मानसिंह चौहान, सरपंच जीवन गेहलोत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष अपनी स्थानीय समस्याओं को भी रखा, जिनके त्वरित निराकरण के निर्देश उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिए। प्रकाश/11 अप्रैल 2026