राज्य
11-Apr-2026


* चुनाव से पहले ही बहुमत हासिल, 40 साल पुराना किला और मजबूत हुआ मेहसाणा (ईएमएस)| गुजरात में स्थानीय स्वराज्य चुनावों की गूंज के बीच महेसाणा जिले के कड़ी से भाजपा के लिए बड़ी खबर सामने आई है। कड़ी नगर पालिका में नामांकन के अंतिम दिन जो तस्वीर सामने आई, उसने साफ कर दिया कि भाजपा ने विपक्ष को मैदान में उतरने का मौका ही नहीं दिया। नगर पालिका की कुल 36 सीटों में से 22 सीटों पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं। इस तरह चुनाव प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। कड़ी नगर पालिका में पिछले 40 वर्षों से भाजपा का शासन लगातार कायम है। पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने इस बड़ी जीत की जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड नंबर 1, 3 और 6 में भाजपा की पूरी पैनल निर्विरोध घोषित हुई है। उन्होंने कहा कि विपक्षी उम्मीदवारों ने या तो नामांकन नहीं भरा या फिर अंतिम समय में चुनाव मैदान छोड़ दिया, जिसके कारण भाजपा को यह एकतरफा सफलता मिली। नितिन पटेल ने इस शानदार उपलब्धि के लिए कड़ी के मतदाताओं, समर्पित कार्यकर्ताओं और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह जीत जनता के भाजपा पर अटूट विश्वास का प्रतीक है।” कड़ी में भाजपा का गढ़ और अधिक मजबूत हो गया है, वहीं बाकी सीटों पर भी पार्टी को बड़ी जीत मिलने का भरोसा जताया गया है। चुनाव से पहले ही 22 सीटों पर जीत के साथ कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। सतीश/11 अप्रैल