राज्य
11-Apr-2026
...


टैक्स गड़बड़ी की शिकायत पर खंगाले जा रहे दस्तावेज जबलपुर, (ईएमएस)। शहर के मदन महल क्षेत्र स्थित मारुति शुभ मोटर्स एरिना शोरूम पर गुरुवार देर शाम केंद्रीय जीएसटी विभाग की टीम ने जांच कार्रवाई शुरू की। यह कार्रवाई शोरूम में कथित टैक्स गड़बड़ी की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई। जांच के दौरान विभागीय अधिकारियों ने शोरूम के विभिन्न दस्तावेजों और वित्तीय अभिलेखों को खंगाला । जानकारी के अनुसार, केंद्रीय जीएसटी के सुपरिंटेंडेंट अनूप सिंह गौर टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। टीम ने शोरूम में बिक्री से संबंधित रजिस्टर, बिलिंग रिकॉर्ड, जीएसटी रिटर्न, टैक्स भुगतान विवरण और अन्य वित्तीय दस्तावेजों का मिलान शुरू किया है। विशेष रूप से यह देखा जा रहा है कि वाहन बिक्री के दौरान जारी किए गए बिल और जमा किए गए टैक्स में किसी प्रकार की विसंगति तो नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, विभाग को पिछले कुछ समय से इस शोरूम में टैक्स भुगतान में अनियमितता और बिलिंग में गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही थीं। प्रारंभिक जांच के बाद इन शिकायतों को गंभीर मानते हुए विस्तृत जांच का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में गुरुवार को टीम ने शोरूम पहुंचकर दस्तावेजों की पड़ताल शुरू की। छापे में क्या मिला इसकी विस्तृत रिपोर्ट सामने आना अभी बाकी है. जांच के दौरान शोरूम प्रबंधन से भी आवश्यक कागजात और स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तव में टैक्स नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं। यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो जीएसटी अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है और विभाग मामले की गहन जांच कर रहा है। शहर के प्रमुख ऑटोमोबाइल शोरूम पर हुई इस कार्रवाई से व्यापारिक क्षेत्र में हलचल का माहौल है। केंद्रीय जीएसटी विभाग ने संकेत दिया है कि टैक्स नियमों के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुनील साहू / शहबाज / 11 अप्रैल 2026/ 06.28