:: गांधीनगर के स्कूल और स्टेशनरी विक्रेता पर मामला दर्ज, कलेक्टर बोले- मनमानी की तो खैर नहीं :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले में स्कूली शिक्षा के व्यवसायीकरण और कॉपी-किताबों के नाम पर अभिभावकों के शोषण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर शनिवार को गांधीनगर क्षेत्र के वर्ल्ड पीस स्कूल के संचालक व प्राचार्य सहित एक स्टेशनरी विक्रेता के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई। हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के बाद जांच दल ने पाया कि विद्यालय प्रबंधन अभिभावकों को एक निर्धारित दुकान से ही सामग्री खरीदने के लिए विवश कर रहा था। स्कूल की पुस्तकें बाजार की अन्य दुकानों पर उपलब्ध नहीं थीं, जिसे प्राचार्य ने भी लिखित में स्वीकार किया। यह कृत्य जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेशों का खुला उल्लंघन है। इसी तरह, डीपीएस स्कूल की किताबें एक ही स्थान पर मिलने की शिकायत सही पाए जाने पर पिपल्याहाना स्थित गुडलक स्टेशनरी पर भी मामला दर्ज किया गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि अभिभावक सामग्री खरीदने के लिए स्वतंत्र हैं और मनमानी करने वाले स्कूलों पर दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। प्रकाश/11 अप्रैल 2026