:: छत्रीपुरा पुलिस की कार्रवाई, डेढ़ लाख कीमत का 3 किलो अवैध मादक पदार्थ जप्त :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत छत्रीपुरा पुलिस ने एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला के कब्जे से 3 किलोग्राम अवैध गांजा जप्त किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशों पर जोन-4 के अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना छत्रीपुरा की टीम हॉट स्पॉट क्षेत्रों में संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गंगवाल बस स्टैंड के पास एक संदिग्ध महिला पुलिस बल को देखकर भागने लगी। मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोका। महिला प्रधान आरक्षक द्वारा ली गई तलाशी में महिला के पास मौजूद एक पोटली से अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपित महिला की पहचान रानी सौदे निवासी मटन वाली गली (लाबरिया भैरू) के रूप में की है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला यह खेप कहाँ से लाई थी और शहर में किसे सप्लाई करने वाली थी। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी संजीव श्रीवास्तव, सउनि हितेश बाचकर और महिला प्रधान आरक्षक माया परमार सहित टीम की मुख्य भूमिका रही। प्रकाश/11 अप्रैल 2026