मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर और धुरंधर: द रिवेंज में सह-कलाकार रहे मानव गोहिल ने अभिनेता रणवीर सिंह के व्यक्तित्व में आए बदलावों पर खुलकर बात की है। मानव का कहना है कि दोनों फिल्मों की जबरदस्त सफलता और पिता बनने के बाद रणवीर सिंह में एक गहरा परिवर्तन आया है, जो उनके पहनावे से लेकर मीडिया में उनकी उपस्थिति तक हर चीज़ में साफ दिखाई देता है। मानव गोहिल ने बताया कि रणवीर सिंह वर्तमान में बदलाव के दौर में हैं। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि रणवीर इस समय अपने जीवन के एक बहुत जरूरी दौर से गुजर रहे हैं – वे बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं। वो पिता बन चुके हैं और एक ऐतिहासिक फिल्म के मुख्य कलाकार हैं। वो पहले से ही सुपरस्टार हैं और एक महान एक्टर हैं। आज जो भी उनके पास है, वो उसके हकदार हैं। मुझे यकीन है कि उनके फैसलों के पीछे कोई बड़ी वजह है। गोहिल ने आगे बताया कि रणवीर के कपड़े पहनने के तरीके, मीडिया के सामने उनकी उपस्थिति और यहां तक कि उनके व्यवहार में भी एक नयापन आया है। अब वे अक्सर अधिक सुव्यवस्थित और परिपक्व कपड़ों में नजर आते हैं, जो उनके एक नए और गंभीर अवतार को दर्शाता है। गोहिल का मानना है कि रणवीर अब एक बिल्कुल अलग व्यक्ति के रूप में उभरे हैं। मानव गोहिल से रणवीर सिंह के कांतारा विवाद पर भी सवाल किया तो मानव ने रणवीर का बचाव करते हुए कहा, रणवीर केवल भारत में ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में सुपरस्टार हैं। मुझे यकीन है कि अपनी स्टारडम को संभालने को लेकर वो और ज्यादा जिम्मेदार हो गए हैं। गोहिल ने यह भी जोड़ा कि रणवीर को ऐसे महत्वपूर्ण फैसले लेने में उनका मार्गदर्शन करने वाले लोग हैं, और उनकी पत्नी दीपिका पादुकोण स्वयं एक बहुत ही समझदार महिला हैं, जो उन्हें सही दिशा दिखाती हैं। यह टिप्पणी उस समय आई थी जब कांतारा फिल्म पर रणवीर सिंह की कुछ टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बहस छिड़ गई थी। मानव गोहिल ने धुरंधर 1 और धुरंधर 2 दोनों में सुशांत बंसल का महत्वपूर्ण किरदार निभाया है। खुद मानव गोहिल ने अपने करियर की शुरुआत साल 2001 में टेलीविजन शो चूड़ियां से की थी। इसके बाद वह कहानी घर घर की, कुसुम, कसौटी जिंदगी की और सीआईडी जैसे लोकप्रिय शोज में नजर आए और टीवी जगत में एक स्थापित नाम बन गए। धुरंधर 1 पिछले साल दिसंबर में रिलीज हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। वहीं, धुरंधर 2 इस साल 19 मार्च को सिनेमाघरों में आई है और यह भी बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान गढ़ रही है। सुदामा/ईएमएस 13 अप्रैल 2026