राष्ट्रीय
13-Apr-2026
...


:: जल गंगा संवर्धन अभियान : हंसदास मठ बावड़ी पर कला और समर्पण का संगम, उकेरे जल संरक्षण के संदेश :: इंदौर (ईएमएस)। मालवा की समृद्ध जल परंपराओं को पुनर्जीवित करने के संकल्प के साथ संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान रविवार को एक जन-आंदोलन के रूप में धरातल पर नजर आया। शहर की ऐतिहासिक विरासत को सहेजने की इसी कड़ी में झोन क्रमांक 20 स्थित प्राचीन हंसदास मठ बावड़ी का कायाकल्प किया गया। नगर निगम के प्रशासनिक अमले और जागरूक नागरिकों ने जब इस प्राचीन जल स्रोत पर सामूहिक रूप से पसीना बहाया, तो वर्षों की उपेक्षा की धूल छंट गई और विरासत का वैभव एक बार फिर मुस्कुरा उठा। इस अभियान की सार्थकता उस समय और अधिक बढ़ गई जब कारवां इंडिया और शब-ए-इंदौर की टीम ने यहाँ कलात्मक दस्तक दी। संगीत और कला की साधना करने वाले लगभग 30 कलाकारों और 80 से अधिक कला-प्रेमियों ने हाथों में झाड़ू, फावड़ा और रंग-कूची थामकर बावड़ी परिसर की सूरत बदल दी। जहाँ एक ओर सघन श्रमदान से गंदगी साफ की गई, वहीं दूसरी ओर दीवारों पर उकेरी गई संदेशात्मक पेंटिंग्स ने जल संरक्षण की महत्ता को जीवंत कर दिया। :: अपनत्व से ही बचेगी धरोहर : निगमायुक्त सफाई के इस अनुष्ठान में स्वयंसेवकों का उत्साह बढ़ाने पहुँचे निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने नागरिकों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि प्राचीन जल संरचनाएं हमारी अमूल्य पूंजी हैं। जब समाज स्वयं इन धरोहरों के प्रति अपनत्व का भाव रखता है, तभी इनके संरक्षण की नींव मज़बूत होती है। अपर आयुक्त आकाश सिंह, पार्षद संध्या यादव और जोनल अधिकारी पल्लवी पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस पहल को जन-शक्ति से जल-शक्ति की ओर बढ़ता एक अनुकरणीय कदम बताया। सामूहिक प्रयासों से अब यह बावड़ी न केवल जल संचय का केंद्र बनेगी, बल्कि अपनी सुंदरता से नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा भी देगी। प्रकाश/12 अप्रैल 2026