इंदौर (ईएमएस)। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना एवं जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शहर की प्राचीन जल संरचनाओं और रिवर फ्रंट कार्यों का मैदानी निरीक्षण किया। आयुक्त ने बड़ा गणपति, मल्हारगंज और लोखंडे पुल क्षेत्र में कुओं व बावड़ियों के जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु से पूर्व जल संरचनाओं की सफाई, गहरीकरण और मरम्मत का कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए, ताकि वर्षा जल संचयन के जरिए भू-जल स्तर में सुधार हो सके। इसके साथ ही, आयुक्त ने रामबाग पुल से अहिल्या आश्रम पुल तक प्रस्तावित रिवर फ्रंट प्रोजेक्ट की समीक्षा की। उन्होंने मानसून से पहले अधिकतम निर्माण कार्य निपटाने और प्रोजेक्ट क्षेत्र का शीघ्र सीमांकन करने के कड़े निर्देश दिए। प्रकाश/12 अप्रैल 2026