आगरा (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के आगरा की मेयर हेमलता दिवाकर एक वायरल वीडियो को लेकर विवादों में आ गई हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में मेयर प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि देती नजर आ रही हैं, लेकिन इस दौरान उनकी कुछ तथ्यात्मक गलतियां और व्यवहार चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, यह घटना भाजपा के ब्रज प्रांत कार्यालय में आयोजित “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” कार्यक्रम के दौरान की है, जहां कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य की अनुपस्थिति में मेयर मीडिया से बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने आशा भोसले को लेकर बयान दिया, जो अब विवाद का कारण बन गया है। करीब 47 सेकेंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि मेयर पहले अपने साथ मौजूद लोगों से हंसते हुए पूछती हैं कि आशा भोसले सिंगर थीं या नहीं। पुष्टि मिलने के बाद भी वह असमंजस में नजर आती हैं। इसके बाद श्रद्धांजलि देते समय उन्होंने उनका नाम भी गलत उच्चारित करते हुए “आशा घोसले” कह दिया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि “श्रीमती आशा घोसले आज गोलोकवासी हो गई हैं”, जिससे भ्रम की स्थिति और बढ़ गई। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई यूजर्स ने मेयर की जानकारी और गंभीरता पर सवाल उठाए हैं, जबकि कुछ ने इसे सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति के लिए गैर-जिम्मेदाराना बताया है। हालांकि, इस पूरे मामले पर मेयर की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन यह वीडियो राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।