कांकेर(ईएमएस)। जिले के अंतागढ़ क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में महिला मजदूर की जान चली गई। वार्ड क्रमांक 13 (गढ़पारा) निवासी 35 वर्षीय सारेश्वरी कावड़े की हाई टेंशन तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, सारेश्वरी कावड़े अपने परिवार की आजीविका चलाने के लिए मजदूरी का काम करती थीं। वह अंतागढ़ के एक निर्माणाधीन मकान में काम करने गई थीं, जहां छत के ऊपर से महज करीब तीन फीट की दूरी पर हाइटेंशन बिजली तार गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि काम के दौरान नीचे से किसी ने उन्हें आवाज दी। जैसे ही वह नीचे देखने के लिए मुड़ीं, उनके गले का संपर्क हाई टेंशन तार से हो गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)13 अप्रैल 2026