क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


दुर्ग(ईएमएस)। शहर के रेलवे स्टेशन पर निजामुद्दीन-दुर्ग हमसफर एक्सप्रेस (22868) में बड़ी कार्रवाई करते हुए एसी कोच अटेंडेंट को अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी यात्रियों को शराब परोसने और अवैध रूप से शराब ले जाने के आरोप में पकड़ा गया है। यह कार्रवाई आरपीएफ और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने की। जानकारी के अनुसार, आरपीएफ दुर्ग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रेन में तैनात एक कोच अटेंडेंट बड़ी मात्रा में शराब लेकर चल रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ ने आबकारी विभाग के साथ मिलकर संयुक्त टीम बनाई और ट्रेन के दुर्ग स्टेशन पहुंचने का इंतजार किया। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही टीम ने कोच नंबर B-7 में तैनात एसी अटेंडेंट रीमन दास की पहचान कर उसके सामान की तलाशी ली। जांच के दौरान उसके बैग से छुपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जब्त शराब में 3 फुल बोतल व्हिस्की, 1 फुल बोतल वोडका, 2 क्वार्टर व्हिस्की और 18 कैन बीयर शामिल हैं। कुल मिलाकर 12.236 बल्क लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 4,140 रुपये बताई गई है। फिलहाल पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 अप्रैल 2026