क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


गुना (ईएमएस)। जिले के मृगवास थाना क्षेत्र के बकान्या गांव में रविवार- सोमवार की दरमियानी रात सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां नकाबपोश बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपत्ति को घर में बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने दंपत्ति के साथ बेरहमी से मारपीट भी की, जिससे महिला के चेहरे पर गंभीर सूजन आ गई। जानकारी के अनुसार गांव निवासी वैंकट दास बैरागी अपनी पत्नी मांगी बाई के साथ घर पर थे। रात में करीब एक से डेढ़ बजे के बीच कुछ अज्ञात बदमाश मुंह ढककर घर में घुस आए। उन्होंने दोनों को काबू में कर लिया और हाथ-पैर बांधकर मारपीट शुरू कर दी। बदमाश लगातार उनसे हाल ही में बेची गई कृषि भूमि से मिले पैसों के बारे में पूछताछ करते रहे। बताया गया कि कुछ दिन पहले दंपत्ति ने अपनी जमीन का प्लॉट बेचा था, जिससे उन्हें करीब छह लाख रुपए मिले थे। इसी रकम को लेकर बदमाश दबाव बनाते रहे, हालांकि दंपत्ति ने केवल एक लाख रुपए घर में होने की बात कही। बदमाशों ने मोबाइल में मैसेज तक चेक कर रकम की पुष्टि करने की कोशिश की। इसके बाद वे घर में रखी करीब एक लाख की नकदी और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। जाते-जाते वे बाहर खड़ी कार की चाबी भी अपने साथ ले गए। वारदात के बाद बदमाश बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गए। किसी तरह खुद को छुड़ाकर दंपत्ति ने छत पर पहुंचकर शोर मचाया, तब ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सोमवार सुबह पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दो डीएसपी के नेतृत्व में टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द खुलासा करने का दावा किया गया है। - सीताराम नाटानी