राज्य
13-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। क्राइम ब्रांच ने दिल्ली से महंगी गाड़ियां चोरी कर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। जयपुर के जिम ट्रेनर मोहम्मद अशरफ खान को गिरफ्तार किया गया, जो ग्राहकों को सस्ती दरों पर चोरी की लग्जरी कारें दिलाने का झांसा देता था। क्राइम ब्रांच की टीम ने दिल्ली से महंगी गाड़ियां चोरी कर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर एक ग्रेजुएट जिम ट्रेनर को गिरफ्तार किया है। आरोपित अपने क्लाइंट्स की मांग पर उन्हें सस्ती कीमत पर महंगी कारें उपलब्ध कराने का झांसा देता था। साथ ही वह इन महंगी कारों का इस्तेमाल अपने जिम क्लाइंट्स के बीच रौब जमाने के लिए करता था। आरोपित की पहचान जयपुर के मोहम्मद अशरफ खान के रूप में हुई है, जिसकी निशानदेही पर दिल्ली के मुखर्जी नगर से चोरी की गई बिल्कुल नई स्कोर्पियो एन और क्रेटा कार बरामद हुई है। पूछताछ में पता चला कि दोनों चोरी की गाड़ियां उसने जयपुर के शकील नामक व्यक्ति से कम कीमत पर खरीदी थीं। पुलिस इससे पूछताछ कर शकील और गिरोह में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है। उपायुक्त संजीव कुमार यादव के मुताबिक, टीम दिल्ली समेत एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों और चोरी के वाहन खरीदने-बेचने वालों पर लगातार नजर रखे हुए थी। इसी दौरान छह अप्रैल को हेड कांस्टेबल अनुज को एक गुप्त सूचना मिली कि मुखर्जी नगर इलाके से चोरी हुई एक महंगी कार जयपुर में मौजूद है। सूचना के आधार पर एसीपी संजय कुमार नागपाल की देखरेख में और इंस्पेक्टर मंगेश त्यागी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/अप्रैल /2026