जयपुर (ईएमएस)। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने अलवर शहर में चाणक्य परिवार द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शिरकत कर रक्तवीरों की हौसला-अफजाई एवं प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया। वन राज्यमंत्री श्री शर्मा ने रक्तवीरों का उत्सावर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है जो जरूरत पड़ने पर व्यक्ति को जीवनदान प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऐसे आयोजनों में निरन्तर बढती भूमिका विकसित राष्ट्र के निर्माण में सहायक सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा की भावना से आयोजित रक्तदान शिविर सराहनीय कदम है जिससे हमारी युवा पीढ़ी को जीवमात्र की सेवा करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को रक्तदान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने प्रतिभावान बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि देश में समानता, समदर्शी व एकता के भाव के साथ ही देश को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प साकार किया जा सकता है। अशोक शर्मा/ 5 बजे/ 13 अप्रेल 2026