क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


श्योपुर ( ईएमएस ) | नवागत कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कलेक्टेªट सभाकक्ष में आयोजित अधिकारियों के साथ परिचयात्मक एवं टीएल बैठक में अपनी प्राथमिकताएं और कार्य करने के तरीके बताते हुए कहा कि हम लोक सेवक है, लोगों की संतुष्टि के लिए एक साधक की तरह काम करते रहें, यही हमारे जीवन का उद्देश्य होना चाहिए, मन में सेवा की भावना हो जो हमें बेहतर से बेहतर करने के लिए हमेशा ऊर्जा देती रहेगी। सदैव आम लोगों को केन्द्रित रखते हुए कार्य किया जाये, सरकार की सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उन्हें शत प्रतिशत मिलें, यही लोक कल्याणकारी राज्य का कॉन्सेप्ट है और विभागीय योजनाओं के माध्यम से आम लोगों के जीवन को आसान बनाने में हमारी उत्कृष्ट भूमिका एवं दायित्वों का निर्वहन करते हुए लोगों के कल्याण के लिए सदैव कार्य करते रहे। बैठक में डीएफओ कूनो श्री आर थिरूकुराल, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद, अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, एसडीएम श्योपुर श्री गगन सिंह मीणा, कराहल श्री बीएस श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन एवं श्री विजय शाक्य सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। नवागत कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि हमारी विचारधारा आम लोगों को लाभ देने की होनी चाहिए, हमारे पास आने वाले आम लोगों का कार्य हम प्राथमिकता से करें, यही उत्कृष्ट लोक सेवक की परिभाषा है। उन्होंने कहा कि वे आशा करती है कि श्योपुर जिले में सभी बेहतर कार्य कर रहे है, उनकी अपेक्षा है कि हम बेहतर से बढकर करेंगे, लोगों की संतुष्टि ही हमारे कार्य का मूल्यांकन है। आम आदमी के लिए ही हमारी उपयोगिता है और अच्छा होने की कसौंटी भी यही है कि हम अच्छा करने के बारे में कितना सोचते है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रजेंटेशन तैयार करेेंगें, उनके द्वारा विभागवार बैठक की जायेगी। कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि विभिन्न राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का निराकरण समय सीमा में सुनिश्चित किया जायें, वर्तमान में ग्रीष्मकालीन ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए पेयजल की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। नलजल योजनाओं का संचालन बेहतर तरीके से किया जायें तथा पेयजल की शिकायत होने पर तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जायें। कृषि वर्ष को लेकर नवाचार किये जाये तथा 15 अप्रैल से शुरू हो रही गेहूं खरीदी की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें, इसके साथ ही उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को ओर अधिक बेहतर बनाया जायें, सभी स्वास्थ्य केन्द्र समय पर सेवाएं प्रदान करें, यह सुनिश्चित किया जायें, जिला अस्पताल में रोगियों के लिए ओपीडी सहित अन्य व्यवस्थाओं को ओर अधिक बेहतर बनाया जायें। स्वास्थ्य संस्थाओं में रोगियों तथा उनके परिजनों के लिए पेयजल की इंतजाम सुनिश्चित किये जायें।