क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


कांकेर (ईएमएस)। जिले के परतापुर थाना क्षेत्र अंर्तगत उरपाजूर जंगल में वन्य प्राणी भालू ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस घटना में एक ग्रामीण की माैत हाे गई। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है। परतापुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बड़े पराली बड़गांव निवासी सोनसाय आंचला अपने गांव के अन्य ग्रामीणों के साथ जंगल गया था। वे सभी सिहाड़ी रस्सी लेने के लिए उरपाजूर के जंगल में गए थे। जंगल में अचानक एक भालू ने सोनसाय पर हमला कर दिया, साथ गए कुछ ग्रामीण डरकर भाग निकले। अन्य ग्रामीणों ने सोनसाय को बचाने का प्रयास किया। लेकिन भालू ने सोनसाय के सिर को बुरी तरह नोंच लिया था। अत्यधिक खून बहने के कारण ग्रामीण सोनसाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची, वहीं मृतक के परिजन भी जंगल पहुंच गए, वन विभाग की टीम जंगल में भालू की तलाश कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल में सावधानी बरतने की सलाह दी है। वन विभाग ने भालू को पकड़ने के लिए विशेष दल गठित किया है। क्षेत्र में वन्य जीवों के हमलों को रोकने के उपाय किए जा रहे हैं। मृतक के परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सुधीर जैन/चंद्राकर/ 13 अप्रैल 2026