राज्य
13-Apr-2026
...


वीडियो वायरल, एसपी की फटकार के बाद बंद कराई गई नाली जबलपुर, (ईएमएस)। शहर में आधी रात को भी आसानी से शराब उपलब्ध हैं| कही नाली बनाकर तो कही शटर में खिड़की बनाकर शराब बेची जा रही हैं| धनवंतरीनगर शराब दुकान और त्रिपुरी चौक गढ़ा पुरवा में ओवर रेटिंग के साथ नियमों को ताक पर रखकर आधी रात को भी शराबियों को शराब उपलब्ध कराई जा रही है| गढ़ा पुरवा दुकान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है| जिसमें न केवल ओवर रेटिंग पर शराब बेचने की बात कही जा रही है बल्कि पुलिस को भी हफ्ता पहुंचाने की बात खरीददार कर रहा है| बताया गया है कि गढ़ा पुरवा दुकान में एक नालीनुमा छेद बनाकर (खुफिया होल) से दुकान बंद होने के बाद शराब बेचने की शिकायत सामने आई है| स्थानीय लोग शराबखोरी से परेशान थे उसके बाद किसी ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम ने क्षेत्रीय पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर थाने के इतने करीब यह गोरखधंधा किसकी शह पर फल-फूल रहा था। एसपी की फटकार के बाद नाली बंद............ ​वीडियो वायरल होने और मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए तत्काल पुलिस को फटकार लगाई है। एसपी के कड़े रुख के बाद हरकत में आई पुलिस ने शराब दुकान में बने नालीनुमा उस खुफिया होल को बंद करवा दिया है जिससे देर रात शराब की सप्लाई की जा रही थी। धनवंतरीनगर में खिड़की से बिक रही शराब......... इसी तरह धनवंतरीनगर शराब दुकान में शटर काट कर उसमें बनाई गई चोर खिड़की से सुरा प्रेमियों की प्यास बुझाई जा रही है। बात बस इतनी नहीं है, असल में देर रात शराब दुकानों तक पहुंचने वाले ज्यादातर अपराधी होते हैं। जो शराब पीने के बाद सड़क पर आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं। सुनील साहू / मोनिका / 13 अप्रैल 2026/ 05.40