क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के छाल रेंज में एक बार फिर मानव और वन्यजीवों के बीच बेहतर तालमेल का उदाहरण देखने को मिला। जंगल से निकलकर सड़क किनारे पहुंचे हाथियों के एक दल को हाथी मित्र दल की टीम ने सूझबूझ के साथ सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर मोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, हाथियों का दल अचानक जंगल से निकलकर सड़क के पास पहुंच गया, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए सतर्कता बढ़ गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची हाथी मित्र दल की टीम ने बिना किसी अफरा-तफरी के शांतिपूर्ण तरीके से हाथियों को आगे बढ़ने का संकेत दिया। टीम की आवाज और इशारों को समझते हुए हाथियों का दल धीरे-धीरे जंगल की ओर लौट गया। यह दृश्य स्थानीय लोगों के लिए काफी रोमांचक रहा, क्योंकि जंगली हाथियों का इस तरह मानव संकेतों के अनुरूप व्यवहार करना कम ही देखने को मिलता है। वन विभाग के अनुसार, छाल रेंज में इससे पहले भी कई बार हाथी मित्र दल की सक्रियता से मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थितियों को सफलतापूर्वक टाला गया है। यह पहल न केवल ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करती है, बल्कि हाथियों को भी सुरक्षित वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 अप्रैल 2026