बस्ती (ईएमएस)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के सभागार में सोमवार को बेसिक शिक्षा की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन डायट प्राचार्य संजय कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में किया गया। समीक्षा बैठक में पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने बैठक को संबोधित किया। सीडीओ ने कहा कि शिक्षकों की मेहनत से परिषदीय विद्यालयों में व्यापक सुधार हुआ है। गत दिनों निपुण असेसमेंट के घोषित परिणाम में बड़ी संख्या में विद्यालय निपुण घोषित हुए हैं, जिसमें जनपद के सभी एआरपी का महत्वपूर्ण योगदान है। परिषदीय विद्यालयों को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी एआरपी पर है। सभी एआरपी पूरे मनोयोग से कार्य करें ताकि जो विद्यालय इस सत्र में निपुण होने से रह गए हैं वह विद्यालय आगामी सत्र में अनिवार्य रूप से निपुण हो जाएं। डायट प्राचार्य ने कहा कि मुख्य विकास अधिकारी द्वारा लगातार मिल रहे सहयोग से बेसिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो रहा है और विभिन्न शैक्षिक योजनाओं को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया जा रहा है। कहा कि इनका निरन्तर सहयोग बेसिक शिक्षा को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।इस दौरान रूम टू रीड कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। इस संस्था की सदस्य नेहा और धीरेंद्र द्वारा बच्चों की पुस्तकों तक पहुंच, गुणवत्तापूर्ण बाल साहित्य, भाषा समृद्ध वातावरण, निर्धारित पठन गतिविधियां, परिवार एवं सामुदायिक सहभागिता तथा शिक्षकों के प्रशिक्षण पर प्रकाश डाला गया। एसआरजी आशीष श्रीवास्तव और अंगद पाण्डेय ने स्पीक अलाउड गतिविधि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इससे बच्चों के भाषा कौशल, उच्चारण, आत्मविश्वास तथा सुनने-समझने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। बैठक में डायट प्रवक्ता इमरान खान और दिव्यांश त्रिपाठी ने सहयोग प्रदान किया। - ईएमएस / 13 अप्रैल 26