13-Apr-2026
...


-‘अभी ना जाओ छोड़कर’ गाकर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, महाराष्ट्र पुलिस ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर मुंबई,(ईएमएस)। भारतीय संगीत जगत की महान गायिका आशा भोसले का सोमवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान घाट में उन्हें अंतिम विदाई दी गई, जहां महाराष्ट्र पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें सलामी दी। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा। बॉलीवुड के गायकों और संगीतकारों ने उनके अमर गीत ‘अभी ना जाओ छोड़कर…’ गाकर उन्हें स्वरांजलि अर्पित की। यह गीत उनके सुनहरे संगीत सफर की याद दिलाता रहा, जिसने दशकों तक श्रोताओं के दिलों पर राज किया। इससे पहले सुबह उनके पार्थिव शरीर को लोअर परेल स्थित उनके निवास ‘कासा ग्रांडे’ में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां बड़ी संख्या में प्रशंसक, फिल्मी हस्तियां, राजनीतिक, खेल और कला जगत से जुड़े लोगों के साथ ही अनेक गणमान्य नागरिक उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। इसके बाद तय समय में पार्थिव देह को तिरंगे में लपेटकर पूरे सम्मान के साथ अंतिम यात्रा निकाली गई। गौरतलब है कि आशा भोसले का रविवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उनके निधन से भारतीय संगीत जगत में एक युग का अंत हो गया। करीब 82 वर्षों के लंबे और शानदार करियर में उन्होंने हजारों गीतों को अपनी आवाज दी और संगीत की दुनिया में अमिट छाप छोड़ी। उन्हें 9 फिल्मफेयर पुरस्कारों सहित 100 से अधिक सम्मानों से नवाजा गया। साथ ही, भारत सरकार ने उन्हें देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से भी सम्मानित किया था। आशा भोसले भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी मधुर आवाज और सदाबहार गीत हमेशा संगीत प्रेमियों के दिलों में गूंजते रहेंगे। हिदायत/ईएमएस 13अप्रैल26