- ठेला लगाकर जताया विरोध, अधिकारियों को नींबू पानी पिलाया भोपाल(ईएमएस)। सोमवार को नगर निगम कार्यालय के बाहर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नींबू पानी का ठेला लगाकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को नींबू पानी पिलाया। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि तेज गर्मी और धूप में नगर निगम द्वारा ठेला व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है, और उनसे अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई गरीब और मेहनतकश ठेला व्यापारियों के साथ अन्याय है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आकाश नामक ठेला व्यापारी के मामले को भी उठाया, जिसने बीते दिन प्रताड़ना से परेशान होकर खुद को आग लगाकर जान देने की कोशिश की थी। इस मामले में न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने भावुक अंदाज में अधिकारी के पैरों में गिरकर आकाश को न्याय दिलाने की गुहार लगाई। मौके पर मौजूद डिप्टी कमिश्नर धीरेंद्र कुशवाह ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि अवैध वसूली की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान मो. शावर जिला कार्यवाहक अध्यक्ष , मुजाहिद सिद्दीकी,पूर्व उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस, अखिलेश जैन,अंकित साहू, सहिल अली, तालिब अली,आदिल खान,सैफ,उमेश कुमार,सुनील शर्मा,तोसीफ अली सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। जुनेद / 13 अप्रैल