- एचटीपीएस-दर्री विद्युत गृह विद्यालय के 1999-2000 बैच के जुटे विद्यार्थी कोरबा (ईएमएस) 25 बरस के लंबे अंतराल के बाद विद्यालयीन जीवन के साथी मिले तो एक बार फिर विद्यालय की यादें ताजा हो गई। उन्होंने विद्यालय के दिनों को याद किया। यह खास अवसर एचटीपीएस-दर्री विद्युत गृह विद्यालय क्रमांक 2 के 1999-2000 बैच के रियूनियन का था। विद्यालय के 1999-2000 बैच में पढ़ने वाले विद्यार्थी वर्तमान में अलग-अलग राज्यों, शहरो और फील्ड में काम कर रहे हैं। इनमें से कुछ सहपाठी अभी भी एक दूसरे से लगातार संपर्क में है। उनके मन में ख्याल आया कि क्यों न सभी स्कूल फ्रेंड फिर से मिले और स्कूली जीवन की यादों को ताजा करें। उन्होंने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया और उस ग्रुप में सभी दोस्तों को जोड़ते चले गए। जब सभी दोस्त मिल गए तो फिर उन्होंने रियूनियन का प्लान बनाया। कॉमर्स, मैथ्स, साइंस,आर्ट्स संकाय के सभी दोस्तों ने एचटीपीएस कॉलोनी में एक प्रोग्राम रखा। जहां खुद तो सभी मौजूद रहे ही साथ ही उन्होंने अपने स्कूल में कक्षा 11वीं व 12वीं में जिन शिक्षकों ने उन्हें पढ़ाया था, उन्हें भी सम्मान से बुलाया। कार्यक्रम में शिक्षकों का स्वागत व सम्मान किया गया। जिसमें शिक्षक अनिल मेल्यावर, शकील अहमद खान, दिनेश रायचर, अरुण दास वैष्णव, रविंद्र कुमार सिंह, छोटे लाल आधे, बद्री प्रसाद पाटले, गीता शर्मा, सुषमा सिंह की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में शिक्षकों ने भी अपनी बात रखी। पुराने छात्र-छात्राओं को काफी आनंद आ रहा था। शिक्षकों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। छात्र-छात्राओं ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने लंच के उपरांत गेम्स, एक्टिविटी, सिंगिंग, डांसिंग सहित अन्य मनोरंजक कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया। इसके बाद स्कूल का भी सभी पूर्व विद्यार्थियों ने दौरा किया। इस दौरान उन्हें लगा कि उनका बचपन और स्कूल का टाइम वापस आ जाए। सभी दोस्त एक साथ मिलकर काफी खुश हुए। उन्होंने सोचा नहीं था कि वे 25 साल बाद फिर से ऐसे मिलेंगे। अंत में सभी ने एक दूसरे को फिर मिलने के वादे के साथ धन्यवाद ज्ञापित किया। - 14 अप्रैल / मित्तल