* विधानसभा अध्यक्ष एवं मंत्रियों ने बाबासाहेब आंबेडकर को भावांजलि दी गांधीनगर (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मंगलवार को भारतीय संविधान के निर्माता और भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की 135वीं जयंती पर गांधीनगर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कर भाव वंदना की। मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम गुजरात विधानसभा के पीठिका पर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के तैलचित्र को पुष्पांजलि अर्पित की। तत्पश्चात उन्होंने विधानसभा संकुल के सामने स्थित डॉ. आंबेडकर प्रतिमा संकुल प्रेरणा भूमि में स्थापित बाबासाहेब की पूर्ण आकार की प्रतिमा को पुष्पहार अर्पित कर भाव वंदना की। इस अवसर पर रंगोली इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन की झांकी प्रस्तुत करने वाली प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री गांधीनगर के सेंट्रल विस्टा गार्डन प्रेरणा भूमि में जनसमूह के साथ संविधान के शिल्पकार की जयंती उत्सव में सहभागी हुए। इस समय समग्र वातावरण जय भीम के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष शंकर चौधरी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा शिक्षा मंत्री डॉ. प्रद्युम्न वाजा सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, विधानसभा के पदाधिकारी, विधायक, संगठन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी और संत-महंत उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. आंबेडकर के राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सतीश/14 अप्रैल