14-Apr-2026
...


बलौदा बाजार(ईएमएस)। जिले के भाटापारा से बलौदाबाजार आ रही राधेश्याम बस सर्विस में एक महिला के साथ चैन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। गले से सोने की चैन गायब होने का अहसास होते ही महिला ने कंडक्टर को सूचना दी, जिसके बाद बस को सीधे कोतवाली थाना ले जाया गया। फिलहाल पुलिस संदिग्ध यात्रियों से पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला टाकेश्वरी साहू भाटापारा से अपने मायके ग्राम रवान जाने के लिए बस में सवार हुई थी। जब वह रवान में उतरने लगी, तभी उसे महसूस हुआ कि उसके गले से सोने की चैन गायब है। महिला ने तत्काल बस परिचालक दीपक ठाकुर को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कंडक्टर ने तत्परता दिखाते हुए बस को यात्रियों सहित कोतवाली थाना पहुंचा दिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर बस में मौजूद सभी यात्रियों की जांच शुरू कर दी है। यात्रियों के नाम-पते नोट किए गए हैं और विशेष रूप से संदिग्ध महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केंवट ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 अप्रैल 2026