रायपुर (ईएमएस)। जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार मिनी हाइवा और ट्रक के बीच आमने-सामने टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा नवापारा-अभनपुर मुख्य मार्ग स्थित बजरंगपुर टोल नाका के पास हुआ। टक्कर के बाद वाहन में सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल होकर अंदर ही फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान भागवत राम साहू (65) निवासी ग्राम पारागांव, सुमित यादव (19) निवासी ग्राम नवागांव (कुरूद, धमतरी) और दीपक पटेल (22) निवासी ग्राम कातलबोड़ (कुरूद, धमतरी) के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 अप्रैल 2026