सरगुजा(ईएमएस)। जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में बेनई जंगल के पास हथियारबंद लुटेरों ने एक पिकअप ड्राइवर को निशाना बनाते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया। नकाबपोश बदमाशों ने ड्राइवर पर चाकू और पत्थर से हमला कर उसे घायल कर दिया और 51 हजार रुपए से ज्यादा की नकदी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, रायकेरा निवासी समीरउल्लाह खान सीतापुर स्थित सुनीता फर्नीचर में पिकअप ड्राइवर है। सोमवार को वह फर्नीचर लेकर जशपुर जिले के बगीचा गया था। माल अनलोड करने के बाद उसे करीब 51 हजार 200 रुपए मिले थे, जिन्हें लेकर वह रात में सीतापुर लौट रहा था। पीड़ित ने बताया कि रात करीब 8 बजे जब वह बेनई जंगल स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचा, तभी दो बाइकों में सवार चार नकाबपोश युवक उसका पीछा करने लगे। बदमाशों ने पिकअप को ओवरटेक कर जबरन रुकवाया और उसे वाहन से नीचे खींच लिया। इसके बाद आरोपियों ने चाकू की नोक पर उससे पैसों की मांग की। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू और पत्थर से हमला कर उसे घायल कर दिया और उसके पास रखे 51 हजार 200 रुपए व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घायल अवस्था में समीरउल्लाह किसी तरह सीतापुर पहुंचा और घटना की जानकारी अपने मालिक को दी। इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के अनुसार, सभी आरोपी 20 से 30 वर्ष की उम्र के थे और पल्सर बाइक पर सवार थे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 अप्रैल 2026