14-Apr-2026
...


- सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस ने शुरु की बदमाशो की तलाश भोपाल(ईएमएस)। जहांगीराबाद थाना इलाके में स्थित शराब की कलारी के बाहर बीती दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब दो बदमाशों ने मामूली विवाद के दौरान कट्टे से हवाई फायर कर दहशत फैलाई और फरार हो गए। पूरी वारदात कलारी के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला कायम कर फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशो को पकड़ लिया जायेगा। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम में पदस्थ अरविंद लोट के परिचित की नमकीन की दुकान बरखेड़ी में स्थित कलारी के बाहर है। बीती दोपहर अरविंद उसकी परिचित की दुकान पर बैठा हुआ था। उसी समय आरोपी आसिम उर्फ डमरू अपने एक अन्य साथी के साथ दुकान पर आया और कुछ सामान खरीदा। सामान खरीदने के बाद दोनों बदमाशों की अरविंद से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गुस्साए आरोपी आसिम ने अपने पास रखा कट्टा निकालकर हवाई फायर कर दिया। गोली की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई वहीं दोनो बदमाश मौके से फरार हो गए। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कलारी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चैक किये जिसमें बदमाश फायर करते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामले में पुलिस ने देर रात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी धरपकड़ के प्रयास शुरु कर दिये है। - जुनेद / 14 अप्रैल