- कलेक्टर ने सांदीपनि विद्यालय पहुँचकर परखीं व्यवस्थाएं सागर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित सागर (नरयावली) आगमन को लेकर नवागत कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल आज नरयावली सांदीपनि विद्यालय पहुंचीं। 18 अप्रैल को होने वाले इस महत्वपूर्ण दौरे की तैयारियों की समीक्षा करने श्रीमती पाल ने आयोजन की रूपरेखा तय करने के साथ-साथ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। - सांदीपनि विद्यालय के नवनिर्मित भवन का होगा लोकार्पण मुख्यमंत्री के इस दौरे का मुख्य आकर्षण नरयावली स्थित सांदीपनि विद्यालय के भव्य भवन का लोकार्पण है। यह संस्थान क्षेत्र की शैक्षणिक गतिविधियों में मील का पत्थर साबित होगा। लोकार्पण समारोह के साथ-साथ मुख्यमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं, जिसकी व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर ने विशेष निर्देश दिए हैं। बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक के रूट चार्ट को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में आने वाले आम नागरिकों, विशिष्ट अतिथियों और मीडिया कर्मियों के लिए अलग-अलग बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। गर्मी के मौसम को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, छाया (शेड) और मेडिकल टीम की तैनाती के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं पीएचई एवं नगर निगम को पाबंद किया गया। मंच, विद्युत बैकअप और साउंड सिस्टम आदि व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में स्पष्ट किया कि सभी तैयारियां 17 अप्रैल की शाम तक अनिवार्य रूप से पूर्ण हो जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, मुख्यमंत्री का आगमन और सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण क्षेत्र के बच्चों के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम है। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि कार्यक्रम सुव्यवस्थित और गरिमामयी ढंग से संपन्न हो। इस अवसर पर कलेक्टर ने प्रशासनिक अमले के साथ कार्यक्रम स्थल का मुआयना भी किया। पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से निगरानी शुरू कर दी है ताकि कार्यक्रम निर्विघ्न और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी, एसडीएम श्री अमन मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। निखिल सोधिया/ईएमएस/14/04/2026