:: निपानिया : जलप्रदाय शुरू होने पर रहवासियों ने मनाया उत्सव; कलश पूजन कर किया जल का वंदन :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के निपानिया क्षेत्र स्थित बीसीएम प्लेनेट सोसाइटी में मंगलवार को नर्मदा जल पहुँचने पर रहवासियों ने दीपावली जैसा उत्सव मनाया। लंबे समय से जल संकट का सामना कर रहे परिवारों के लिए नर्मदा लाइन का विधिवत प्रारंभ होना बड़ी राहत लेकर आया। जैसे ही नलों में जल की धार पहुँची, समूचा परिसर हर्षोल्लास और नर्मदे हर के जयकारों से गूँज उठा। इस ऐतिहासिक अवसर को रहवासियों ने आध्यात्मिक भाव से जोड़ा। महिलाओं और बुजुर्गों ने एकत्रित होकर माँ नर्मदा की विशेष पूजा-अर्चना की और कलश पूजन कर आरती उतारी। सोसाइटी के एस.एन. सोनी एवं रोमा अग्रवाल ने बताया कि शुद्ध पेयजल के लिए रहवासी लंबे समय से संघर्षरत थे। नर्मदा जल आने से अब क्षेत्र में टैंकरों का दौर थमेगा और शुद्ध पानी की समस्या का स्थायी समाधान होगा। :: साझा प्रयासों की जीत :: खुशी के इस मौके पर रहवासियों ने मिठाई बाँटी और नगर निगम प्रशासन का आभार माना। रहवासियों के अनुसार, यह उपलब्धि पूरी सोसाइटी के सामूहिक प्रयासों और एकजुटता का परिणाम है। निपानिया जैसे नव-विकसित क्षेत्र में नर्मदा जल का पहुँचना यहाँ के विकास में एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। प्रकाश/14 अप्रैल 2026